रांची : राजधानी रांची के हटिया इलाके में एक जंगली हाथी के घुस आने से इलाके में दहशत का माहौल है। हाथी को सड़क किनारे घूमते देखा गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से सतर्क रहने की अपील की। घटना की जानकारी वन विभाग को भी दे दी गई है। वन विभाग की टीम हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने की तैयारी में जुटी हुई है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि हाथी के पास न जाएं और किसी प्रकार की उकसावे वाली हरकत न करें, क्योंकि इससे वह आक्रामक हो सकता है। एहतियातन इलाके की घेराबंदी की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि न हो।

राज्य में लगातार बढ़ रही हाथियों की घटनाएं

इन दिनों झारखंड के विभिन्न जिलों में हाथियों के उत्पात की घटनाएं बढ़ी हैं। पिछले एक महीने में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में दो दर्जन से अधिक लोगों की हाथियों के हमले में मौत हो चुकी है। कई ग्रामीण घायल हुए हैं और फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

इसी वजह से हटिया में हाथी के घुसने की खबर से लोगों में भय का माहौल है। फिलहाल प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से संयम बरतने की अपील कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version