रांची : झारखंड के 48 नगर निकायों में नगर सरकार चुनने के लिए सोमवार सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। लंबे अंतराल के बाद हो रहे नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। राजधानी रांची सहित राज्यभर में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं।
मॉक पोलिंग के बाद निर्धारित समय पर मतदान शुरू हुआ। इस बार चुनाव बैलेट पेपर से कराए जा रहे हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया में थोड़ा अधिक समय लग रहा है। हालांकि अब तक राज्य के किसी भी हिस्से से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा और कतार में खड़े सभी मतदाताओं को वोट डालने का अवसर दिया जाएगा।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है।
- कुल मतदान केंद्र : 4307
- मतदान भवन : 2129
- संवेदनशील बूथ : 2445
- अति संवेदनशील बूथ : 896
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की व्यवस्था की गई है। पुनर्मतदान की स्थिति से निपटने के लिए तीन दिन रिजर्व भी रखे गए हैं।
इतने मतदाता करेंगे प्रतिनिधियों का चयन
इस चुनाव में कुल 43,33,574 मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे, जिनमें—
- महिला मतदाता : 21,26,227
- पुरुष मतदाता : 22,07,203
- थर्ड जेंडर मतदाता : 144
इस बार चुनाव में NOTA का प्रावधान नहीं रखा गया है।
27 फरवरी को होगी मतगणना
मतगणना 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। आयोग के अनुसार—
- नगर निगमों में सबसे पहले हजारीबाग का परिणाम आने की संभावना है।
- धनबाद का परिणाम सबसे बाद में आ सकता है।
- नगर परिषदों में गोड्डा और पाकुड़ के नतीजे पहले आ सकते हैं।
- नगर पंचायतों में महागामा, बासुकीनाथ, बुंडू और खूंटी के परिणाम शुरुआती चरण में सामने आने की उम्मीद है।

