रांची: झारखंड विधानसभा में आज विश्वविद्यालय विधेयक 2026 संशोधन के साथ पेश किया जाएगा। राज्य सरकार का कहना है कि इस विधेयक का उद्देश्य उच्च शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना और विश्वविद्यालयों के संचालन को अधिक प्रभावी बनाना है।

सरकार के मंत्री सुदिव्य सोनू ने इस विधेयक को शिक्षा क्षेत्र के लिए अहम बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सदन से पारित होने के बाद यह विधेयक राज्यपाल की मंजूरी भी प्राप्त कर लेगा।

विश्वविद्यालयों को राजनीति से दूर रखने पर जोर

मंत्री सुदिव्य सोनू ने बताया कि कई विधायकों ने विधेयक में संशोधन के सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को राजनीति से दूर रखना बेहद जरूरी है, ताकि शिक्षा का माहौल बेहतर हो सके और संस्थानों का संचालन निष्पक्ष रूप से हो।

असम चुनाव को लेकर झामुमो की तैयारी तेज

इधर, असम विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। हालांकि पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

बाबूलाल मरांडी ने साधा निशाना

वहीं इस मुद्दे पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने झामुमो पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पार्टी बिहार में चुनाव लड़ने का साहस नहीं जुटा सकी और अब असम की बात कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन असम में चुनाव लड़ने का निर्णय ले पाएंगे।

झारखंड विधानसभा में एक ओर जहां शिक्षा सुधार से जुड़ा अहम विधेयक पेश होने जा रहा है, वहीं दूसरी ओर असम चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version