रांची : रांची में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने घोषणा की है कि राज्य में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 20 जून से शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।

बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन

निर्वाचन सदन में आयोजित एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम और प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र के बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म भी उपलब्ध कराया जाएगा।

पुनरीक्षण कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार 20 जून से 29 जून तक तैयारी, प्रशिक्षण और आवश्यक मुद्रण कार्य किए जाएंगे। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य करेंगे।

प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को किया जाएगा। वहीं 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 3 अक्टूबर तक चलेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।

बिना सुनवाई के नहीं कटेगा किसी का नाम

के. रवि कुमार ने स्पष्ट कहा कि किसी भी मतदाता का नाम बिना सुनवाई के सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने लोगों से भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं से बीएलओ का संपर्क नहीं हो पाएगा, उनके लिए विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे ताकि कोई पात्र मतदाता छूट न जाए।

केवल भारतीय नागरिकों के लिए प्रक्रिया

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यह प्रक्रिया केवल भारतीय नागरिकों के लिए है और विदेशी नागरिक इसमें शामिल नहीं होंगे। उन्होंने मतदाताओं, मीडिया प्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों और बीएलए से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की, ताकि मतदाता सूची को अधिक स्वच्छ, समावेशी और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

कई अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर और अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version