रांची: राजधानी रांची में पूर्व पार्षद और जमीन कारोबारी भार्गव सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में वांछित कुख्यात शूटर सत्यम पाठक पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया है।
बुधवार सुबह पंडरा ओपी क्षेत्र के कांके डैम के पास पुलिस और आरोपी आमने-सामने हो गए, जिसके बाद फायरिंग की घटना हुई।
दोनों पैरों में लगी गोली
पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान सत्यम पाठक के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
एक दिन पहले हुई थी भार्गव सिंह की हत्या
गौरतलब है कि मंगलवार को पंडरा इलाके के ओटीसी मैदान के पास पूर्व पार्षद और जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी।
जांच में सामने आया कि इस हत्याकांड को अंजाम देने वाला शूटर सत्यम पाठक ही था।
मास्टरमाइंड विजय टेटे बताया गया
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस पूरे मामले का कथित मास्टरमाइंड विजय टेटे है। पुलिस पहले ही उसे गिरफ्तार कर चुकी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब पूरे गिरोह के नेटवर्क, साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में लगातार छापेमारी की जा रही है।
रांची पुलिस की इस कार्रवाई को हत्याकांड के खुलासे में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
