रांची: रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित साउथ रेलवे कॉलोनी में बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने फरार SUV चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में हिनू निवासी 40 वर्षीय धमेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

घटना बुधवार रात करीब 10 बजे दुर्गा मंदिर के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार SUV विपरीत दिशा से आई और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैदल जा रहे लोगों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोग दूर जाकर गिर पड़े। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

घायलों में रेलवे की टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50 वर्ष), उनके पुत्र कुणाल नायडू (26 वर्ष), कृष्णापुरी चुटिया निवासी संदीप महतो (40 वर्ष), अमित सिंह (35 वर्ष) और प्रशांत गौरव शामिल हैं। सभी का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

मृतक धमेंद्र कुमार एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी चालक से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version