धनबाद: झारखंड के धनबाद में मनरेगा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के बैनर तले मंगलवार को रणधीर वर्मा चौक स्थित धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कर्मचारी एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे वे आर्थिक और मानसिक संकट का सामना कर रहे हैं।

6 से 12 महीने से नहीं मिला मानदेय

संघ के धनबाद जिला अध्यक्ष यासीन अंसारी ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की संवेदनहीनता के कारण झारखंड के मनरेगा कर्मचारी गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में कई कर्मचारियों को पिछले 6 से 12 महीनों से मानदेय नहीं मिला है।

मानदेय नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने रोजमर्रा के खर्च और परिवार के भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है।

सेवा स्थायी करने और ग्रेड पे देने की मांग

कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले लगभग 19 वर्षों से मनरेगा योजना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उनकी सेवा को स्थायी नहीं किया गया है।

संघ की मांग है कि सभी मनरेगा कर्मचारियों की सेवा का स्थायीकरण किया जाए और मनरेगा कोषांग के अनुरूप उन्हें ग्रेड पे दिया जाए।

मांगें नहीं मानी गईं तो होगा अनिश्चितकालीन धरना

यासीन अंसारी ने बताया कि इन मांगों को लेकर झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ की ओर से राज्यभर में आंदोलन चलाया जा रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आने वाले दिनों में कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरना देने को मजबूर होंगे।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार से जल्द समाधान निकालने और लंबित मानदेय का भुगतान करने की मांग की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version