जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज जमशेदपुर दौरे पर आ रही हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका शहर का दूसरा दौरा है। इससे पहले वह 29 दिसंबर 2025 को भी यहां आ चुकी हैं। उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
राष्ट्रपति सुबह नागपुर से रांची पहुंचेंगी और वहां से भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर से दोपहर 12 बजे सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद वे कदमा स्थित मरीन ड्राइव जाएंगी, जहां 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 90 फीट ऊंचे श्री जगन्नाथ मंदिर के भूमि पूजन और शिलापट्ट अनावरण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगी और भोग ग्रहण करेंगी। भोग की तैयारी पुरी से आए पुरोहितों की देखरेख में की जा रही है। आम श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
करीब दो घंटे मंदिर कार्यक्रम में शामिल रहने के बाद राष्ट्रपति बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज पहुंचेंगी। यहां वे छात्र-छात्राओं से संवाद करेंगी। कार्यक्रम के दौरान दो विद्यार्थी राष्ट्रपति से सवाल पूछेंगे। वे परिसर में पौधरोपण भी करेंगी और प्रस्तावित स्पोर्ट्स सेंटर एवं फूड कोर्ट की जानकारी लेंगी। यह स्पोर्ट्स सेंटर उनके नाम पर स्थापित किया जाएगा।
करीब 30 मिनट कॉलेज में बिताने के बाद राष्ट्रपति अपराह्न 3:20 बजे सोनारी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी और 3:50 बजे रांची के लिए प्रस्थान करेंगी। जमशेदपुर में उनका कुल प्रवास लगभग तीन घंटे 50 मिनट का रहेगा।

