गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में चर्चित दिलीप दास हत्याकांड को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में राज्य सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।
मंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता राशि भी सौंपी।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्री ने बताया कि यह आर्थिक सहायता तत्काल राहत के तौर पर दी गई है, ताकि पीड़ित परिवार को कुछ सहारा मिल सके।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुलाकात के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच तेजी से चल रही है और जल्द ही अपराधियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की प्राथमिकता पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है।
लोगों में नाराजगी का माहौल
दिलीप दास हत्याकांड को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी और दुख का माहौल बना हुआ है। लोग प्रशासन से जल्द और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मंत्री के इस दौरे को सरकार की संवेदनशीलता और त्वरित पहल के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
