Ranchi : रांची के कटहल मोड़ के पास सीमेंट कारोबारी राधेश्याम साहू पर हुए जानलेवा हमले के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस वारदात में सीधे तौर पर शामिल मुख्य अपराधियों में से एक चंदन नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी गिरफ्तारी रांची से की गई है.

जानकारी के अनुसार, रांची एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी. इसके आधार पर दलादली ओपी प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोलीबारी की घटना में शामिल चंदन को धर दबोचा.

गिरफ्तार आरोपी चंदन से पूछताछ की जा रही है. उसकी निशानदेही पर पुलिस अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस का मुख्य फोकस इस बात पर है कि आखिर सीमेंट कारोबारी राधेश्याम साहू को गोली मारने की सुपारी किसने दी और इसके पीछे क्या वजह थी. माना जा रहा है कि रांची पुलिस जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है.

गौरतलब है कि यह घटना बीते 15 अक्टूबर की दोपहर कटहल मोड़ के पास हुई थी. दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए अपराधियों ने राधेश्याम साहू को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए रांची के पल्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उनकी जान बच गई थी.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version