लातेहार : लातेहार पुलिस को उग्रवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन झारखंड संघर्ष जनमुक्ति परिषद (SJMM) के सक्रिय सदस्य जगन्नाथ सिंह को पुलिस ने चंदवा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि जगन्नाथ सिंह चंदवा इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर चंदवा थाना प्रभारी रणधीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने चिन्हित स्थान पर छापेमारी कर घेराबंदी की और उग्रवादी को दबोच लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार जगन्नाथ सिंह SJMM का पुराना और सक्रिय सदस्य रहा है। वह चंदवा थाना कांड संख्या 94/18 में नामजद आरोपी है और उस पर आर्म्स एक्ट की कई धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी, लेकिन वह पहचान छिपाकर गिरफ्तारी से बचता रहा।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान संगठन से जुड़े अन्य नेटवर्क और गतिविधियों को लेकर अहम जानकारियां मिलने की संभावना है। आगे की कार्रवाई जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version