रांची: झारखंड के मौसम में पिछले 24 घंटों के दौरान मिला-जुला असर देखने को मिला है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में दिन के समय आंशिक बादल छाए रहे, जबकि कुल मिलाकर मौसम शुष्क बना रहा। तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंड का असर बना हुआ है।
आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। आसमान साफ रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि, न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
इन जिलों में रहा अधिकतम तापमान
राज्य में सोमवार को सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मेदिनीनगर में 33.6 डिग्री और जमशेदपुर में 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, रांची का अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अन्य जिलों की तुलना में कम है।
न्यूनतम तापमान और ठंड का असर
न्यूनतम तापमान के स्तर पर गुमला सबसे ठंडा जिला रहा, जहां 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खूंटी, लोहरदगा और रांची में यह 13 से 14 डिग्री के बीच रहा, जिससे सुबह और रात के समय ठंड बनी हुई है।
आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बावजूद शाम के समय हल्की ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है।
27-28 मार्च को बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 और 28 मार्च को झारखंड के लगभग सभी हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है। 27 मार्च के लिए पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में इस बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को एक बार फिर ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
