रांची : झारखंड में ठंड ने एक बार फिर तीखा रूप ले लिया है. राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जिससे शीतलहर की स्थिति बनी हुई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. राजधानी रांची सहित नौ जिलों में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित हो रहा है.

9 जिलों में शीतलहर की स्थिति

रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, जिन जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया है, उनमें गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, रांची, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं. इन इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक देखा जा रहा है.

रांची में सबसे कम तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान राजधानी रांची में दर्ज किया गया है. रांची का तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जो इस मौसम के सबसे निचले स्तरों में से एक है. वहीं गुमला में 7.1 डिग्री और खूंटी में 7.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

तापमान गिरने का मुख्य कारण

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के उप निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में सक्रिय उत्तर-पश्चिमी हवाएं तापमान में गिरावट का मुख्य कारण हैं. इन हवाओं के कारण ठंडी और शुष्क हवा का प्रवाह जारी है, जिससे शीतलहर की स्थिति बनी हुई है.

अन्य जिलों का तापमान

अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो डाल्टनगंज में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. औद्योगिक शहर जमशेदपुर में पारा 12 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अपेक्षाकृत अधिक है. वहीं पश्चिमी सिंहभूम के मुख्यालय चाईबासा में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

अगले कुछ दिन अहम

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल तापमान में किसी बड़े सुधार के संकेत नहीं हैं. आने वाले कुछ दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा और ठंडी हवाओं का असर बना रह सकता है. खासकर पहाड़ी और पठारी इलाकों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version