Ranchi : आदित्य साहू झारखंड भाजपा के अगले प्रदेश अध्यक्ष होंगे। मंगलवार को उन्होंने चुनाव अधिकारी सह केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव के समक्ष प्रदेश भाजपा कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। वर्तमान में वे प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और साथ ही राज्यसभा सांसद भी हैं।

नामांकन के बाद बुधवार को उनके नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी। आदित्य साहू के नामांकन के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युतवरण महतो सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

गौरतलब है कि आदित्य साहू पहले से ही कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में संगठन की कमान संभाल रहे हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव, कार्यशैली और राज्यभर में मजबूत पकड़ को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व उन्हें पूर्णकालिक जिम्मेदारी सौंपने के पक्ष में है।

प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के लिए 14 जनवरी की तिथि को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दिन खरमास की समाप्ति और मकर संक्रांति का पर्व है, जिसे हिंदू परंपरा में शुभ कार्यों के लिए अनुकूल माना जाता है। भाजपा इसे झारखंड में संगठन के नए अध्याय की शुभ शुरुआत के रूप में देख रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version