रांची: राजधानी रांची में 1, 2 और 3 मई को आयोजित होने वाले सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। ऑड्रे हाउस में होने वाला यह आयोजन स्वदेशी उत्पादों, कला और संस्कृति का अनूठा संगम होगा।

बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के विजन से प्रेरित है।

श्रीअन्न व्यंजन बनाने वालों को मिलेगा सम्मान

संजय सेठ ने बताया कि इस आयोजन में स्वदेशी उत्पादों और श्रीअन्न को विशेष महत्व दिया जाएगा। श्रीअन्न से उत्कृष्ट व्यंजन बनाने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।

इसके अलावा स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित करने की योजना है।

150 स्टॉल होंगे उपलब्ध

ऑड्रे हाउस परिसर में कुल 150 स्टॉल के लिए जगह निर्धारित की गई है। सभी स्टॉल नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे और समुचित व्यवस्था भी की जाएगी।

इन स्टॉलों पर स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प, खाद्य सामग्री और पारंपरिक वस्तुएं प्रदर्शित की जाएंगी।

देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुति

महोत्सव में भारत सरकार के संगीत नाट्य अकादमी और संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से देश के विभिन्न राज्यों के कलाकार प्रस्तुति देंगे।

अब तक 50 से अधिक स्कूल और कॉलेजों से भागीदारी के लिए प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। दिन में सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न राज्यों के कलाकार मंचन करेंगे।

तीन मंचों का हो रहा निर्माण

आयोजन के लिए तीन बड़े मंच तैयार किए जा रहे हैं। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत 24 अप्रैल को शाम 4 बजे स्कूली बैंड प्रस्तुति के साथ होगी।

सात विधाओं में प्रतियोगिता

महोत्सव में जनजातीय नृत्य, सामूहिक नृत्य, लघु नाटिका, शास्त्रीय नृत्य, पाश्चात्य सामूहिक संगीत और समूह गीत सहित सात विधाओं में प्रस्तुति होगी। प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाणपत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।

राज्यपाल करेंगे उद्घाटन

कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार करेंगे। समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समेत कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version