गिरिडीह : गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान पूर्णानगर निवासी नंदकिशोर माली के रूप में हुई है। गोली उसकी कमर में लगी है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

घटना करमाटांड़ और बरमसिया के बीच स्थित जंगल क्षेत्र में उस समय हुई, जब नंदकिशोर सीमेंट की दुकान में काम समाप्त कर घर लौट रहा था। घायल युवक के अनुसार, पीछे से आए एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने अचानक उस पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गया।

घायल की मां ने बताया कि उनका बेटा रोज की तरह काम से घर लौट रहा था, तभी उस पर हमला किया गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने उसे तत्काल बिरनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी हालत नाजुक रहने पर बेहतर इलाज के लिए धनबाद भेजा गया।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल हमले के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावर की तलाश जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version