रांची: रांची स्थित आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, हरमू में आयोजित मिलन समारोह के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों— कांग्रेस, झामुमो और जेएलकेएम— से जुड़े सैकड़ों लोगों ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो की मौजूदगी में सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत और केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर भी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार जनता के साथ छल कर रही है। नगर निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल झामुमो-कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशी उतारकर राजनीतिक दोहरा चरित्र दिखाया है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार को चुनाव लड़ना ही था, तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दलीय आधार पर चुनाव करवाना चाहिए था। साथ ही बैलेट पेपर से चुनाव कराने को भी उन्होंने सरकार की नीयत पर सवाल खड़ा करने वाला बताया।
स्थानीय रोजगार पर उठाए सवाल
सुदेश महतो ने कहा कि झामुमो ने पिछले दो चुनावों में निजी कंपनियों में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन छह वर्षों में सरकार आज तक ‘स्थानीयता’ की परिभाषा तय नहीं कर सकी है।
उन्होंने कहा कि जब तक स्थानीयता स्पष्ट नहीं होगी, तब तक रोजगार का लाभ झारखंड के युवाओं को नहीं मिल पाएगा।
संगठन को मिली नई मजबूती
महतो ने कहा कि राज्य सरकार की नाकाम नीतियों से परेशान होकर लोग लगातार आजसू से जुड़ रहे हैं। इससे संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिल रही है। अब जागरूक और सशक्त युवा राज्य की बागडोर संभालने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि नए सदस्यों की योग्यता और समर्पण के आधार पर उन्हें संगठन में उचित जिम्मेदारी दी जाएगी।
ये प्रमुख लोग हुए शामिल
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से—
- जावेद अख्तर (निदेशक, मेसरा अस्पताल)
- साबिर हुसैन
- नूरहसन अंसारी
- तबरेज अंसारी
- माजिद आलम
- राजाउल अंसारी
- अफरोज अंसारी
- मोहम्मद इरशाद
- रवि पासवान
- शहबाज खान
- इमरान अंसारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम में केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, केंद्रीय सचिव हरीश कुमार और युवा आजसू प्रदेश संयोजक अब्दुल जब्बार समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।
