Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों का आतंक भयावह स्तर पर पहुंच गया है। मंगलवार देर रात एक दंतैल हाथी ने गांव में घुसकर एक ही परिवार के पांच सदस्यों को कुचलकर मार डाला। इस घटना के साथ ही बीते एक सप्ताह में हाथियों के हमले से मरने वालों की संख्या 17 तक पहुंच गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीड़ित परिवार रात में अपने घर के भीतर सो रहा था। तभी देर रात अचानक एक जंगली हाथी गांव में घुस आया और सीधे उनके घर पर हमला कर दिया। हाथी ने पहले घर को तोड़ दिया और फिर अंदर घुसकर सो रहे लोगों पर हमला कर दिया।
इस दर्दनाक हमले में पति, पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार का एक बच्चा किसी तरह जान बचाने में सफल रहा। हाथी के हमले से घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह ग्रामीणों और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों है।
ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग द्वारा हाथियों को आबादी से दूर रखने के लिए किए जा रहे प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल ठोस कदम उठाने, हाथियों की निगरानी बढ़ाने और रिहायशी इलाकों को सुरक्षित करने की मांग की है।
