रांची/गुमला: राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने शनिवार को गुमला जिले के डुमरी प्रखंड कार्यालय में आयोजित प्रखंड स्तरीय जनजातीय संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों, समस्याओं और उनके संवैधानिक अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने शिक्षा, कल्याणकारी योजनाओं, भूमि, सामाजिक अधिकारों तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े मुद्दे आयोग के समक्ष रखे। डॉ. आशा लकड़ा ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि जनजातीय समुदाय की समस्याओं का समयबद्ध और विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से लोगों की शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

जनजातीय संवाद कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, जनजातीय सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव आयोग के समक्ष रखे, जिन पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version