Dhanbad : नगर निकाय चुनाव 2026 की तारीखों के एलान के साथ ही झारखंड की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह ने धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए औपचारिक रूप से अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने इस संबंध में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को पत्र लिखकर पार्टी से मौका देने का आग्रह किया है।

अपने पत्र में संजीव सिंह ने खुद को भाजपा का एक अनुशासित और समर्पित सिपाही बताते हुए लिखा है कि वे हमेशा संगठन की विचारधारा और राष्ट्रहित के सिद्धांतों पर चलते रहे हैं। उन्होंने अपनी दावेदारी के समर्थन में अपने परिवार की मजबूत राजनीतिक विरासत और सामाजिक आधार का उल्लेख किया है।

संजीव सिंह ने पत्र में लिखा है कि उनके पिता स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह चार बार विधायक रहे, जबकि उनकी माता कुंती देवी ने भी दो बार विधायक के रूप में जनता की सेवा की। वे स्वयं भी पूर्व में विधायक रह चुके हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी रागिनी सिंह झरिया विधानसभा से विधायक के रूप में सक्रिय हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि वे फिलहाल बीसीसीएल से जुड़े एक बड़े मजदूर संगठन के माध्यम से श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक और आर्थिक कल्याण के लिए लगातार काम कर रहे हैं। इस अनुभव से उन्हें जमीनी स्तर की समस्याओं की गहरी समझ मिली है, जिसे वे मेयर के रूप में धनबाद के सर्वांगीण विकास में लगाना चाहते हैं।

पत्र के अंत में संजीव सिंह ने पार्टी नेतृत्व से सकारात्मक विचार करने और मार्गदर्शन देने का अनुरोध किया है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एक अनुशासित कार्यकर्ता के रूप में वे पार्टी के हर निर्णय का पालन करेंगे। उनकी इस दावेदारी के बाद धनबाद के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और अब निगाहें भाजपा नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version