धनबाद/गिरिडीह : झारखंड के नगर निकाय चुनाव के दौरान धनबाद और गिरिडीह के विभिन्न वार्डों से बवाल और झड़प की खबरें सामने आई हैं। दोनों जिलों में कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही, हालांकि प्रशासन की तत्परता से हालात पर काबू पा लिया गया।

धनबाद नगर निगम क्षेत्र के सूसनीलेवा नाग नगर स्थित वार्ड संख्या 22 के बूथ संख्या 58, 59, 13 और 14 पर दो पार्षद प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए। शुरुआत मामूली कहासुनी से हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई।

बताया गया कि एक प्रत्याशी के प्रतिनिधि की मतदान केंद्र के पास मौजूदगी को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई। आरोप था कि बूथ के समीप अनावश्यक भीड़ जमा की जा रही थी और मतदान में हस्तक्षेप का प्रयास किया जा रहा था। इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए और स्थिति तनावपूर्ण बन गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। कुछ देर बाधित रहने के बाद मतदान दोबारा सामान्य रूप से शुरू हो गया। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि वे शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान चाहते हैं तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

गिरिडीह में वार्ड 18 पर मारपीट, पथराव और सड़क जाम

गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 18 के बूथ संख्या 4 पर भी दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद उग्र हो गया। पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट और उसके बाद पथराव की घटना सामने आई, जिससे मतदान केंद्र के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि मतदाताओं को जबरन रोकने और धमकाने की कोशिश की गई। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

सूचना मिलने पर प्रशासन सक्रिय हुआ। अधिकारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हालात नियंत्रित किए गए। समझाने-बुझाने के बाद सड़क जाम हटवाया गया और दोबारा मतदान प्रक्रिया शुरू कराई गई। जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

ताजा आंकड़ों के अनुसार, गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में सुबह नौ बजे तक 6.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि बड़की सरिया नगर पंचायत में 10.09 प्रतिशत और धनवार नगर पंचायत में 10.25 प्रतिशत मतदान हुआ। फिलहाल दोनों जिलों में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस बल पूरी तरह सतर्क है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version