रांची : राजधानी रांची के सभी निजी स्कूलों के प्रिंसिपल के लिए जिला प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। शिक्षा का अधिकार अधिनियम से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए शनिवार को एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री करेंगे।

जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार बैठक का आयोजन रांची विश्वविद्यालय स्थित आर्यभट्ट सभागार में सुबह 11:30 बजे से किया जाएगा। वहीं सुबह 11:00 बजे से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होगी।

सभी निजी स्कूलों की उपस्थिति अनिवार्य

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रांची जिले के सभी निजी स्कूलों के प्रिंसिपल या उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की बैठक में उपस्थिति अनिवार्य होगी। इसमें सीबीएसई, आईसीएसई, जैक और अन्य बोर्ड से संबद्ध सभी निजी विद्यालय शामिल हैं।

बैठक में शिक्षा का अधिकार अधिनियम से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अलावा निजी स्कूलों में आरटीई नियमों के अनुपालन, नामांकन प्रक्रिया और अन्य प्रशासनिक पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

आरटीई नियमों के पालन पर रहेगा फोकस

सूत्रों के अनुसार बैठक में निजी स्कूलों द्वारा आरटीई के तहत बच्चों के नामांकन, सीट आवंटन और नियमों के पालन से संबंधित मामलों की समीक्षा भी की जा सकती है। जिला प्रशासन इस बैठक के माध्यम से निजी स्कूलों के साथ समन्वय स्थापित कर शिक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाना चाहता है।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version