Dhanbad : धनबाद सदर अस्पताल की दीवार तोड़कर रास्ता और पार्किंग की मांग को लेकर धनबाद बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को उग्र हो गया। तीसरे दिन जारी हड़ताल के बीच हालात उस समय बिगड़े, जब कथित तौर पर कुछ अधिवक्ताओं और अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।

आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान अस्पताल परिसर में गाली-गलौज और पत्थरबाजी हुई, जिसमें एक स्वास्थ्यकर्मी के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर हालात संभाले।

गौरतलब है कि अधिवक्ता धनबाद सदर अस्पताल की दीवार तोड़कर आवागमन का रास्ता और पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। वहीं, अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि दीवार तोड़े जाने से सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होगी और मरीजों की आवाजाही में अव्यवस्था फैलेगी।

घटना के बाद स्वास्थ्यकर्मियों में रोष व्याप्त है। शनिवार को चिकित्सक और अन्य कर्मचारी अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर मौन प्रदर्शन करते नजर आए। अस्पताल प्रशासन ने भी इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अस्पताल परिसर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version