Ranchi : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विदेश यात्राओं को लेकर भाजपा के बयानों पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह रवैया न केवल तथ्यहीन है, बल्कि उसकी जानी-पहचानी दोहरी मानसिकता, आदिवासी नेतृत्व के प्रति असहजता और सामंती सोच को भी उजागर करता है।

विनोद पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री की विदेश यात्राएं निजी सैर-सपाटे नहीं, बल्कि झारखंड के दीर्घकालिक औद्योगिक, पर्यटन और निवेश हितों से जुड़ी रणनीतिक यात्राएं हैं। वैश्विक मंचों पर जाकर निवेश आकर्षित करना आज किसी भी प्रगतिशील राज्य सरकार की आवश्यकता है, लेकिन भाजपा इसे जानबूझकर गलत रूप में पेश कर रही है।

उन्होंने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब झारखंड पहली बार दावोस जैसे वैश्विक मंच पर जा रहा है, तो भाजपा रोज आरोप लगा रही है, जबकि कर्नाटक में वही भाजपा कांग्रेस सरकार से सवाल कर रही थी कि वह वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में क्यों नहीं जा रही। “एक ही मंच, लेकिन दो मापदंड—यही भाजपा की असल राजनीति है,” पांडेय ने कहा।

झामुमो महासचिव ने उदाहरण देते हुए कहा कि तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल और महाराष्ट्र जैसे राज्य दावोस में निवेश के लिए जाते हैं और करोड़ों के एमओयू साइन करते हैं। महाराष्ट्र के लिए भाजपा नेता स्वयं 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौतों का दावा करते हैं। ऐसे में झारखंड के लिए दावोस जाना गलत कैसे हो सकता है?

विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा की असली परेशानी यह है कि झारखंड का नेतृत्व एक आदिवासी मुख्यमंत्री कर रहा है, जो आत्मविश्वास के साथ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर राज्य का पक्ष रख रहे हैं। जब-जब हेमंत सोरेन झारखंड को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाने की कोशिश करते हैं, तब-तब भाजपा का असली चेहरा सामने आ जाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि निवेश कोई तात्कालिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह एमओयू, नीतियों, आधारभूत संरचना और स्थानीय संसाधनों के विकास से जुड़ी सतत प्रक्रिया है। हेमंत सरकार उद्योग नीति, पर्यटन नीति और स्थानीय रोजगार को प्राथमिकता दे रही है, जबकि भाजपा के शासनकाल में झारखंड को केवल खनन और लूट का मॉडल मिला।

अंत में विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने ही नेताओं के बयानों और अपने शासित राज्यों के उदाहरणों पर आत्ममंथन करना चाहिए। झारखंड विरोधी दुष्प्रचार से जनता भली-भांति परिचित है और हेमंत सोरेन सरकार राज्य के विकास, निवेश और रोजगार के लिए प्रतिबद्ध है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version