पटना: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया है, जिसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में भी उनके नाम पर मुहर लग गई।

सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही बिहार में पहली बार भाजपा को मुख्यमंत्री पद मिलने जा रहा है, जिसे राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

नीतीश कुमार ने सौंपा इस्तीफा

इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार दोपहर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। वे सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ राजभवन पहुंचे थे।

राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए कैबिनेट भंग करने की सिफारिश को भी मंजूरी दे दी। इसके साथ ही राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है।

भाजपा विधायक दल की बैठक में बनी सहमति

भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी का नाम पहले से ही लगभग तय माना जा रहा था। बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे।

इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन और विजय कुमार सिन्हा समेत कई नेता इस प्रक्रिया में शामिल रहे।

शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी नजरें

राजनीतिक हलकों में इस फैसले के बाद हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार सम्राट चौधरी कल मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

नई सरकार के गठन और संभावित मंत्रिमंडल को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

नीतीश कुमार ने दी नई सरकार को शुभकामनाएं

इस्तीफे से पहले हुई कैबिनेट की आखिरी बैठक में नीतीश कुमार ने कहा कि नई सरकार को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उन्होंने सभी मंत्रियों का आभार जताया और राज्य के विकास के लिए सहयोग की बात कही।

बिहार की राजनीति में इस बदलाव को आगामी समय के लिए निर्णायक माना जा रहा है, जहां अब सभी की नजरें नई सरकार के कामकाज पर टिकी हुई हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version