रामगढ़ जिले के पतरातू इलाके में ओसाम डेयरी और अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रामगढ़ पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य नेपाली को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गैंग के लिए काम करता था और हाल के दिनों में हुई फायरिंग की घटनाओं में उसकी भूमिका सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
ओसाम डेयरी प्लांट पर हुई थी फायरिंग
कुछ दिन पहले पतरातू स्थित ओसाम डेयरी प्लांट पर बाइक सवार अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की थी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। बाद में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल दुबे गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। पोस्ट में प्लांट संचालक को धमकी भी दी गई थी।
अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट को भी बनाया था निशाना
ओसाम डेयरी घटना के कुछ दिनों बाद पतरातू स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में भी फायरिंग की घटना सामने आई थी। इस हमले की जिम्मेदारी भी राहुल दुबे गैंग ने ली थी। गैंग की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कोयला, झाड़ू और जमीन कारोबार से जुड़े लोगों को धमकी दी गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद औद्योगिक क्षेत्रों में भय का माहौल बन गया था।
पुलिस ने बनाई थी विशेष टीम
फायरिंग और रंगदारी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए रामगढ़ पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान गैंग से जुड़े लोगों की पहचान की गई और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसी क्रम में पुलिस ने नेपाली को गिरफ्तार किया।
सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से राहुल दुबे गिरोह के संपर्क में था और पतरातू क्षेत्र में गैंग की गतिविधियों को अंजाम देने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
बड़े उद्योगों को निशाना बना रहा था गैंग
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि राहुल दुबे गैंग की नजर इलाके के बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर थी। इससे पहले भी पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा है कि आरोपी किसी बड़े उद्योग को निशाना बनाने की तैयारी में थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और जल्द ही गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। मामले में आगे की जांच जारी है।

