हजारीबाग : जिले में अड्डेबाजी और मनचले युवकों पर लगाम लगाने के लिए हजारीबाग पुलिस ने बीती रात विशेष अभियान चलाया। एसपी Aman Kumar के निर्देश पर जिलेभर में एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान 51 मनचले युवकों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया। बाद में सभी को पीआर बॉन्ड पर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

पुलिस के अनुसार 6 और 7 मई की रात जिले के सभी डीएसपी और इंस्पेक्टर के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इसके लिए कुल 39 टीमों का गठन किया गया था, जिनमें 176 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

जिलेभर में चला सघन जांच अभियान

पुलिस टीमों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के उन स्थानों को चिन्हित किया, जहां अक्सर युवकों की भीड़ लगने और लोगों को परेशान करने की शिकायत मिलती थी।

अभियान के दौरान कुल 119 स्थानों पर छापेमारी की गई। कई जगहों पर पुलिस ने युवकों से पूछताछ भी की।

कार्रवाई के दौरान 51 ऐसे युवकों को हिरासत में लिया गया, जो सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी करते और राहगीरों को परेशान करते पाए गए। सभी को थाना लाकर भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

एसपी अमन कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं सहित आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इसी तरह का अभियान लगातार चलाया जाएगा।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके इलाके में कहीं अड्डेबाजी होती है या मनचले युवकों की वजह से परेशानी हो रही है, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दें। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version