रांची : झारखंड भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। बुधवार को भाजपा के प्रदेश चुनाव पदाधिकारी सह केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव ने औपचारिक रूप से घोषणा करते हुए बताया कि आदित्य साहू को निर्विरोध झारखंड भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है।

इस मौके पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

गौरतलब है कि मंगलवार को आदित्य साहू ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। किसी अन्य उम्मीदवार के सामने नहीं आने के कारण उनका निर्विरोध चयन तय हो गया। उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने के साथ ही यह संकेत भी साफ हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी ने आगामी राजनीतिक रणनीति के तहत ओबीसी वोट बैंक को साधने पर विशेष फोकस किया है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आदित्य साहू को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपना संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और सामाजिक समीकरणों को संतुलित करने की दिशा में एक अहम कदम है। आने वाले समय में इसका असर राज्य की सियासत और संगठनात्मक गतिविधियों में देखने को मिल सकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version