पलामू: पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर से इलाके में दहशत फैल गई है। कुसडी इलाके में अंधविश्वास के चलते पति-पत्नी और उनके बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान विजय भुइयां, उनकी पत्नी और उनके बेटे के रूप में हुई है। घटना स्थल पांकी थाना से लगभग 35 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। पांकी थाना प्रभारी के अनुसार, ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि गांव में तीन लोगों की हत्या हुई है, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि विजय भुइयां और उसके परिवार पर ओझा-गुणी होने का शक किया जा रहा था। इसी अंधविश्वास को लेकर गांव के कुछ लोगों से उसका लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि देर रात कुछ लोग उनके घर पहुंचे, पहले मारपीट की और फिर धारदार हथियार से हमला कर पति-पत्नी और बेटे की हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अंधविश्वास से जुड़ा यह मामला बेहद गंभीर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

