रांची : राजधानी रांची के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले कई दिनों से तेज गर्मी और उमस से परेशान लोगों को अब मौसम राहत देने वाला है। मौसम का मिजाज बदलने लगा है और आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची मौसम केंद्र के अनुसार 16 मई तक रांची और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है।

16 मई तक ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रांची में अगले कई दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। 11 मई से 14 मई तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

इसके बाद 15 और 16 मई को भी मौसम का यही रुख बने रहने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। इससे सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहाना महसूस हो सकता है।

बारिश के साथ बढ़ सकती है परेशानी

मौसम में बदलाव राहत जरूर देगा, लेकिन इसके साथ कुछ परेशानियां भी बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की आशंका जताई है।

ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। पिछले दिनों रांची में तेज आंधी और बारिश के कारण बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई थी। मौसम दोबारा बिगड़ने पर कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।

किसानों और आम लोगों पर असर

मौसम का यह बदलाव किसानों के लिए मिला-जुला असर लेकर आ सकता है। एक ओर गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं अचानक बारिश और तेज हवा फसलों को नुकसान भी पहुंचा सकती है।

दूसरी तरफ आम लोगों, खासकर दिनभर बाहर काम करने वालों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version