रांची: झारखंड में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली और राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश तथा वज्रपात ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। अलग-अलग जिलों में वज्रपात की चपेट में आने से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि राजधानी रांची में तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी राज्य के अधिकांश जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

रांची में तेज आंधी से पेड़ उखड़े, बिजली व्यवस्था प्रभावित

राजधानी रांची में करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवा के कारण सर्कुलर रोड, कोकर और आसपास के इलाकों में कई पेड़ उखड़ गए तथा टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं। इससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

हालांकि बिजली विभाग ने तत्काल अभियान चलाकर तकनीकी खराबियों को दूर किया और अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।

कोकर इलाके में एक स्कूली वैन के पास पेड़ और बिजली का पोल गिर गया। गनीमत रही कि वैन में सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे और बड़ा हादसा टल गया।

बहरागोड़ा में सबसे अधिक बारिश, रांची का तापमान गिरा

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को राज्य में सबसे अधिक 33 मिलीमीटर बारिश बहरागोड़ा में दर्ज की गई। वहीं रांची में एक मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर रांची का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है।

आज भी कई जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार, 26 जून को गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में लू की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने, मेघगर्जन, वज्रपात, तेज हवा और बारिश की संभावना है।

संभावित खराब मौसम को देखते हुए पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।

वज्रपात से आठ लोगों की मौत

गुरुवार को राज्य के विभिन्न जिलों में वज्रपात की घटनाओं में कुल आठ लोगों की जान चली गई। मृतकों में रांची से एक, पलामू से तीन, चतरा से दो, लोहरदगा से एक और कोडरमा से एक व्यक्ति शामिल हैं।

रांची के इटकी थाना क्षेत्र के टिकराटोली गांव में दोपहर के समय वज्रपात की चपेट में आने से रऊफ अंसारी की मौत हो गई।

पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के किसैनी गांव में कामेश पाल (52), पांकी प्रखंड के उक्सू गांव में चिंता कुंवर (60) तथा गोंगो गांव में 12 वर्षीय अनेश कुमार की वज्रपात से मौत हो गई।

चतरा जिले के मयूरहंड प्रखंड के सेवाल करमा गांव निवासी सहदेव ठाकुर (50) और महुगाई गांव निवासी सरोज देवी (44) की भी वज्रपात की चपेट में आने से जान चली गई।

कोडरमा जिला मुख्यालय में तेज बारिश के दौरान वज्रपात से फुलवरिया निवासी 26 वर्षीय सोनी कुमारी की मौत हो गई।

वहीं लोहरदगा जिले के हेसाग पंचायत अंतर्गत बटरू गांव में वज्रपात की चपेट में आने से नीलम खेरवार की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बालक घायल हो गया, जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version