रांची: झारखंड की राजधानी रांची स्थित जैप-1 ग्राउंड, डोरंडा में गुरुवार को “बुनियादी प्रशिक्षुओं का पारण परेड समारोह-2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पारण परेड का निरीक्षण किया, शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित किया।

पारण परेड में कुल 340 प्रशिक्षु शामिल हुए, जिनमें 4 पुलिस उपाधीक्षक और 336 आरक्षी शामिल थे। आरक्षियों में 255 पुरुष और 81 महिला जवान शामिल रहीं। प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके जवानों ने शानदार मार्चपास्ट और आकर्षक कदमताल के जरिए अपने कौशल, अनुशासन और दक्षता का प्रदर्शन किया।

महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर जताई खुशी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि इस बैच में लगभग 25 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी राज्य पुलिस बल में बढ़ती महिला उपस्थिति का सकारात्मक संकेत है। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की भूमिका और जिम्मेदारियां अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी जवान अब राज्य की सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा बनने जा रहे हैं।

अब सिर्फ व्यक्ति नहीं, जनता की सुरक्षा के प्रहरी हैं जवान

मुख्यमंत्री ने कहा कि शपथ ग्रहण केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने नव नियुक्त पुलिसकर्मियों से कहा कि अब वे केवल अपने लिए नहीं, बल्कि राज्य के करोड़ों नागरिकों की सुरक्षा और सेवा के लिए समर्पित हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी या वेतन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह कर्तव्य, अनुशासन और राष्ट्र सेवा का संकल्प है। कई बार ड्यूटी के दौरान कठिन चुनौतियों और जोखिमों का सामना करना पड़ता है, लेकिन पुलिसकर्मियों का दायित्व समाज और राज्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

कानून-व्यवस्था में दिखना चाहिए प्रशिक्षण का परिणाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जवानों को जिन विषयों की शिक्षा दी गई है, उसका प्रभाव राज्य की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और संभावित चुनौतियों से निपटने में दिखाई देना चाहिए। यदि पुलिस बल पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगा, तो हर चुनौती का प्रभावी समाधान संभव होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस विभाग को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में पुलिसकर्मियों के लिए आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त आवासीय विद्यालयों के निर्माण की योजना बनाई गई है। साथ ही पुलिस विभाग के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मिला सम्मान

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सीटीसी स्वासपुर, मुसाबनी में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षकों और विभिन्न जिलों एवं इकाइयों से आए नव नियुक्त आरक्षियों को अंतिम परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया।

इस अवसर पर नव नियुक्त जवानों को अनुशासन, संविधान की रक्षा, देश और राज्य सेवा, पुलिस बल की गरिमा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति शपथ दिलाई गई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक तदाशा मिश्रा, अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह का समापन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के “जय हिंद, जय झारखंड, जोहार” के उद्घोष के साथ हुआ।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version