रांची : रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित करमटोली चौक में मंगलवार तड़के बड़ा अग्निकांड हो गया। लीवी बार एंड रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में रेस्टोरेंट पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और दमकल टीम
जानकारी के अनुसार रेस्टोरेंट मालिक को तड़के आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद तुरंत झारखंड पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। रेस्टोरेंट के अंदर धुआं और आग की तेज लपटों के कारण हालात बेहद गंभीर हो गए थे।
मुख्य गेट तोड़कर शुरू किया रेस्क्यू
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने रेस्टोरेंट का मुख्य गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया गया। आग की लपटें पास स्थित ट्रांसफार्मर तक पहुंचने लगी थीं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बढ़ गई थी। हालांकि पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। घटना में हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
