रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देशानुसार झारखंड में नशामुक्ति अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में गुरुवार को राजधानी रांची में मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ जागरूकता मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर युवाओं, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए नशामुक्त झारखंड बनाने का संकल्प लिया।

बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकली मैराथन

पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार ने मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक आयोजित की गई।

मैराथन में रांची के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों के छात्र-छात्राओं के अलावा बड़ी संख्या में आम नागरिकों और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और समाज को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने का संदेश दिया।

नशामुक्त झारखंड मुख्यमंत्री का संकल्प : सुदिव्य कुमार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से मुक्त करना मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का संकल्प है। उन्होंने कहा कि मैराथन में शामिल युवाओं का प्रत्येक कदम नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है।

उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ और सशक्त झारखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई। मंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं का उत्साह इस बात का संकेत है कि वे झारखंड को स्वस्थ, समृद्ध और विकसित बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

विजेताओं को किया गया सम्मानित

मैराथन के समापन के बाद अल्बर्ट एक्का चौक पर विजेताओं को सम्मानित किया गया।

पुरुष वर्ग विजेता

  • प्रथम स्थान – शरद अहीर
  • द्वितीय स्थान – सुभास उरांव
  • तृतीय स्थान – गुलशन डूंगडूंग

महिला वर्ग विजेता

  • प्रथम स्थान – पूजा सिंह
  • द्वितीय स्थान – निशा कुमारी
  • तृतीय स्थान – मंजू कुमारी

प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम स्थल पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई जागरूकता प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, खिलाड़ी, युवा एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version