पलामू : जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के तेंदुआ भगत गांव में तिलक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। इस फायरिंग में पंडित समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है।
समारोह के दौरान अचानक चली गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र की खैरादोहर पंचायत स्थित शिल्दा खुर्द गांव निवासी करीमन बैठा अपनी बेटी का तिलक लेकर तेंदुआ भगत गांव पहुंचे थे। समारोह शांतिपूर्वक चल रहा था और परिवार में खुशी का माहौल था। इसी दौरान रात करीब 11:45 बजे अचानक गोली चलने की आवाज से माहौल बदल गया।
फायरिंग में शिल्दा खुर्द निवासी 60 वर्षीय जागेश्वर बैठा की पीठ में गोली लगी, जो आर-पार निकल गई। वहीं, तिलक की रस्में निभा रहे पंडित के दाहिने पैर में भी गोली लग गई। गोली की आवाज सुनते ही समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोली हर्ष फायरिंग के दौरान चली या फिर किसी पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
