धनबाद: धनबाद के सरायढेला इलाके में सोमवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास ‘सिंह मेंशन’ पर बाइक सवार अपराधियों ने बमबाजी की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने दो बम फेंके, जिनमें से एक आवास परिसर के भीतर फटा, जबकि दूसरा मुख्य गेट के बाहर गिरा।

अचानक हुए इस विस्फोट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव सरायढेला थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और हमलावरों की पहचान के लिए सिंह मेंशन तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

बताया जा रहा है कि इस हाई-प्रोफाइल आवास में विधायक रागिनी सिंह के साथ पूर्व विधायक संजीव सिंह और कुंती सिंह भी रहते हैं। इसी वजह से पुलिस पूरे मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version