चाईबासा / पूर्णिया : झारखंड के चाईबासा निवासी और वर्तमान में बिहार के पूर्णिया जिले के अमौर थाना में तैनात हवलदार आलमनाथ भूइयां (55 वर्ष) ने बुधवार सुबह अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली गले के आर-पार हो गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना का पता तब चला जब पुलिस कैंटीन का एक कर्मचारी रोज की तरह नाश्ता लेकर उनके कमरे में पहुंचा। कमरे का दरवाजा खुला देख उसने अंदर झांककर देखा तो आलमनाथ भूइयां खून से लथपथ हालत में पड़े थे। शोर मचाने पर अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और वरीय अधिकारियों को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही अमौर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार, बायसी एसडीपीओ जितेंद्र कुमार पांडे और अन्य थाना क्षेत्रों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से सर्विस राइफल और कारतूस का खोखा बरामद किया है। कमरे को सील कर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आलमनाथ भूइयां की पोस्टिंग करीब पांच महीने पहले अमौर थाना में हुई थी। कुछ समय पहले तक उनकी पत्नी उनके साथ रह रही थीं, लेकिन बीमारी के चलते इलाज के लिए पैतृक घर चली गई थीं। घटना वाले दिन सुबह उनकी पत्नी से फोन पर बातचीत भी हुई थी, जिसमें सब कुछ सामान्य बताया जा रहा है।

एसडीपीओ जितेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version