पटना: बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बनने वाली सरकार में जेडीयू कोटे से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। दोनों नेता मुख्यमंत्री के साथ शपथ लेंगे।
सूत्रों के अनुसार जेडीयू की कोर कमेटी बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा के बाद इन दोनों नामों पर सहमति बनी है।
मई के पहले सप्ताह में होगा मंत्रिमंडल विस्तार
सरकार गठन के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक मई के पहले सप्ताह में अन्य मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी।
इसके लिए संभावित मंत्रियों की सूची तैयार करने का काम अगले कुछ दिनों में शुरू हो सकता है।
विजय चौधरी का राजनीतिक सफर
विजय कुमार चौधरी बिहार के अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं और नीतीश कुमार के करीबी माने जाते हैं।
राजनीति में आने से पहले वे भारतीय स्टेट बैंक में अधिकारी थे।
- 1982 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने
- 1985 से 1990 तक दलसिंहसराय से विधायक रहे
- 2005 में जेडीयू में शामिल हुए
- वर्तमान में सरायरंजन से विधायक हैं
- जल संसाधन, शिक्षा, वित्त और संसदीय कार्य जैसे अहम विभाग संभाल चुके हैं
- विधानसभा अध्यक्ष के पद पर भी रह चुके हैं
बिजेंद्र प्रसाद यादव का प्रोफाइल
बिजेंद्र प्रसाद यादव बिहार के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में शामिल हैं।
- 1990 से सुपौल सीट से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं
- जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं
- ऊर्जा, वित्त और वाणिज्यकर जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं
- 1990 में लालू प्रसाद सरकार में पहली बार मंत्री बने
- तब से लगातार मंत्री पद पर सक्रिय हैं
बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही अब मंत्रिमंडल विस्तार और विभागों के बंटवारे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
