नई दिल्ली : नई दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में आईआरसीटीसी घोटाला से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आज अहम सुनवाई होनी है। इस मामले में अदालत पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत अन्य आरोपियों को लेकर बड़ा फैसला सुना सकती है।

ईडी ने दाखिल की थी चार्जशीट

प्रवर्तन निदेशालय द्वारा इस मामले में चार्जशीट दाखिल की गई थी। कोर्ट पहले ही आरोप तय करने की प्रक्रिया पूरी कर चुकी है और फैसले का इंतजार किया जा रहा है।

6 मई को टली थी सुनवाई

इससे पहले 6 मई को हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने फैसला सुरक्षित रखते हुए अगली तारीख 22 मई तय की थी। अब आज मामले में महत्वपूर्ण आदेश आने की संभावना जताई जा रही है।

हाईकोर्ट में दी गई चुनौती

सूत्रों के मुताबिक, लालू परिवार ने निचली अदालत के अक्टूबर 2025 के उस आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप तय किए गए थे।

दूसरी ओर प्रवर्तन निदेशालय ने इस याचिका का विरोध करते हुए अदालत में दावा किया है कि उसके पास मामले से जुड़े पुख्ता सबूत मौजूद हैं।

क्या है पूरा मामला

सीबीआई और ईडी के अनुसार यह मामला उस समय का है जब लालू प्रसाद यादव वर्ष 2004 से 2009 के बीच केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे। आरोप है कि उनके कार्यकाल के दौरान आईआरसीटीसी के तहत रांची और पुरी स्थित दो होटलों के टेंडर में अनियमितताएं हुई थीं।

जांच एजेंसियों का दावा है कि नियमों की अनदेखी कर निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाया गया और इसी प्रक्रिया में मनी लॉन्ड्रिंग की भी आशंका है। हालांकि बचाव पक्ष लगातार इन आरोपों को खारिज करता रहा है।

अब पूरे मामले में सभी की नजर आज कोर्ट के फैसले पर टिकी हुई है।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version