पाकुड़ : झारखंड के पाकुड़ जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सदर प्रखंड के लखीनारायणपुर गांव में देर रात सियारों के झुंड ने एक घर में घुसकर दो मासूम बच्चियों पर हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में ढाई माह की बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, लखीनारायणपुर गांव निवासी समीरुल शेख के घर में देर रात सियारों का झुंड घुस आया। इसी दौरान सियार ढाई माह की मासूम आफीफा खातून को उठाकर ले गए, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं घर में मौजूद चार वर्षीय जासमीन खातून पर भी हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण

हमले के दौरान बच्चियों के रोने और परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख सियारों का झुंड वहां से भाग निकला।

घायल बच्ची को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है।

पुलिस और वन विभाग को दी गई सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से शव के कुछ हिस्सों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मामले की सूचना वरीय अधिकारियों और वन विभाग को भी दी गई है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके के खेतों और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से सियारों की आवाजाही देखी जा रही थी। अब ये जंगली जानवर रात के समय गांवों में घुसने लगे हैं, जिससे लोगों में डर बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सियारों के झुंड को जल्द हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

घटना के बाद गांव के लोग खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version