रांची: राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलोग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कार की सीटों के पीछे विशेष रूप से गुप्त बॉक्स तैयार कर रखे थे, जिनमें पांच पैकेट अफीम छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कार, दो मोबाइल फोन और चाबी का गुच्छा भी जब्त किया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बुंडू से भारी मात्रा में अफीम लेकर हजारीबाग की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) अमर कुमार पांडेय और ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
इसके बाद रांची-रामगढ़ मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर भेड़ा पुल के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।
पुलिस को देखकर भागने लगे तस्कर
वाहन जांच के दौरान उत्तर प्रदेश नंबर की सिल्वर रंग की वर्ना कार वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक कार लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और कुछ ही दूरी पर वाहन को रोक लिया।
कार में सवार दोनों युवकों से पूछताछ के दौरान उनके जवाब और गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम के तहत निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए वाहन की तलाशी ली गई।
सीट के पीछे बने गुप्त बॉक्स से मिली अफीम
तलाशी के दौरान चालक सीट और उसके बगल वाली सीट के पीछे बने दोनों गुप्त बॉक्स बंद मिले। आरोपियों के पास से बरामद चाबी से बॉक्स खोले गए तो पुलिस को उनमें पांच पैकेट मिले। एक बॉक्स से तीन और दूसरे से दो पैकेट बरामद हुए।
जांच में इन पैकेटों से कुल 12 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। मौके पर जांच किट से इसकी पुष्टि भी की गई।
बिहार और रांची के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय रॉबिन राज और 24 वर्षीय सुखलाल मुंडा के रूप में हुई है। रॉबिन राज बिहार के गया जिले का रहने वाला है और वर्तमान में ओरमांझी ब्लॉक चौक के पास किराये के मकान में रह रहा था। वहीं सुखलाल मुंडा रांची जिले के दशम फॉल थाना क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सुखलाल मुंडा के खिलाफ पहले से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 में उसके खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति थाना में दुष्कर्म, हत्या, साक्ष्य मिटाने समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 12 किलोग्राम अफीम, उत्तर प्रदेश नंबर की वर्ना कार, दो मोबाइल फोन और चाबी का गुच्छा जब्त किया है। ओरमांझी थाना में एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम की खेप कहां से लाई गई थी, इसे किसके पास पहुंचाया जाना था और इस पूरे तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ कई और अहम खुलासे होने की संभावना है।

