रांची : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन को लेकर झारखंड में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के अभियान निदेशक सह आयुष निदेशक शशि प्रकाश झा ने बताया कि 21 जून को राज्य के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों, पार्कों, वृद्धाश्रमों, छात्रावासों, पुलिस स्टेशनों, सदर अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा चिकित्सा महाविद्यालयों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।
‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ है इस वर्ष की थीम
शशि प्रकाश झा ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का विषय ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रखा गया है। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नियमित जीवनशैली में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और तनाव प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
बीमारियों की रोकथाम को लेकर किया जाएगा जागरूक
योग दिवस के अवसर पर मधुमेह, उच्च रक्तचाप, जोड़ों के दर्द और अन्य जीवनशैली संबंधी बीमारियों की रोकथाम में योग की भूमिका के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी। साथ ही बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में योग के महत्व को भी रेखांकित किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों से लेकर विद्यार्थियों तक की होगी भागीदारी
योग दिवस कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सुरक्षा बलों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसमें सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, झारखंड पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चे, स्वयंसेवी संस्थाएं, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, आंगनबाड़ी सेविकाएं, स्वास्थ्यकर्मी, खेल प्रतिभाएं और आम नागरिक शामिल होंगे।
अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देना और समाज के हर वर्ग तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करना है।
कार्यालयों में बढ़ावा मिलेगा वाई-ब्रेक प्रोटोकॉल को
शशि प्रकाश झा ने बताया कि सरकारी और निजी कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए वाई-ब्रेक प्रोटोकॉल को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके तहत कर्मचारी कम समय में योगाभ्यास कर तनाव कम कर सकेंगे और अपनी कार्यक्षमता में सुधार ला सकेंगे।
जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्यभर में सिकल सेल और ब्लड कोषांग की ओर से विशेष जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाना है।

