जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए पिछले महीने 25 वाहनों को जब्त किया है। जिला खनन टास्क फोर्स की कार्रवाई के दौरान सात प्राथमिकी दर्ज की गईं और आरोपियों से कुल 4 लाख 29 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
जब्त किए गए वाहनों का विवरण
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए वाहनों में 16 डंपर, सात ट्रैक्टर और दो टाटा 407 शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
डीसी कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक
शनिवार को जमशेदपुर स्थित उपायुक्त कार्यालय में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पिछले महीने की कार्रवाई की समीक्षा की गई। बैठक में एसडीओ धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त संतोष गर्ग और एडीएम विधि व्यवस्था राहुल जी आनंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, अंचल अधिकारी और सभी थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
अवैध खनन पर सख्त निगरानी के निर्देश
बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अवैध खनन से जुड़े मामलों पर लगातार नजर रखी जाए और विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहनों को जब्त किया जाए।
इको सेंसिटिव जोन में कड़ी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इको सेंसिटिव जोन में अवैध खनन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध क्रशर और खनन गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

