रांची : राजधानी रांची के पंडरा थाना क्षेत्र स्थित तेल मील गली में 19 जनवरी 2026 को आकाश सिंह और विकास सिंह पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रांची पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सोनू यादव ही दोनों युवकों पर गोली चलाने वाला आरोपी था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिहार की राजधानी पटना के बिहटा इलाके में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी सोनू यादव रांची के देवी मंडप रोड क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस टीम उसे पटना से रांची लेकर आई है, जहां गुप्त स्थान पर रखकर उससे पूछताछ की जा रही है।
जल्द होगी पुलिस की प्रेसवार्ता
सूत्रों के अनुसार रांची पुलिस इस मामले में जल्द ही प्रेसवार्ता कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा करेगी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर फायरिंग की वजह और अन्य आपराधिक कड़ियों की जानकारी जुटाने में लगी है।
कमल भूषण हत्याकांड में भी सामने आया था नाम
राजधानी के चर्चित जमीन कारोबारी कमल भूषण हत्याकांड में भी सोनू यादव का नाम सामने आ चुका है। इस मामले में रांची पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि कमल भूषण की हत्या से पहले सोनू यादव ने उनकी रेकी की थी। पूछताछ के दौरान उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए पूरी साजिश और योजना की जानकारी पुलिस को दी थी।
इसके अलावा कमल भूषण के अकाउंटेंट संजय हत्याकांड में भी सोनू यादव की भूमिका सामने आई थी। उस मामले में भी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

