रांची : राजधानी के डोरंडा थाना क्षेत्र में एक विधवा पेंशनभोगी महिला की हत्या का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस घटना को पहले बाथरूम में गिरने से हुई सामान्य मौत माना जा रहा था, वह अब सुनियोजित हत्या साबित हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की दत्तक बेटी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। मृतका की पहचान नाहिद परवीन के रूप में हुई है।
अंतिम संस्कार से पहले दिखे थे संदिग्ध निशान
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 25 अप्रैल को मो. हलीम को सूचना मिली थी कि नाहिद परवीन की बाथरूम में गिरने से मौत हो गई है। परिजन इसे हादसा मानकर अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान स्नान कराते वक्त मृतका के गले और शरीर पर चोट के निशान दिखे, लेकिन उस समय किसी ने शक नहीं किया और शव को दफना दिया गया।
कब्र से शव निकाल कर हुआ पोस्टमार्टम
बाद में जब दत्तक बेटी से पूछताछ की गई, तो हत्या की सच्चाई सामने आई। इसके बाद मृतका के देवर ने थाने में मामला दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकालकर मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। जांच में स्पष्ट हो गया कि मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या थी।
पेंशन और रिश्ते के विवाद बना कारण
पुलिस जांच में पता चला कि नाहिद परवीन एक विधवा पेंशनभोगी थीं। उनके खाते में पति की पेंशन और पीएफ की राशि आती थी। उनकी कोई संतान नहीं थी, इसलिए करीब 15 वर्ष पहले उन्होंने एक बच्ची को गोद लिया था।
जांच में यह भी सामने आया कि दत्तक बेटी अपने प्रेमी अरबाज खान पर पैसे खर्च करती थी और उसी से शादी करना चाहती थी, जिसका मृतका विरोध कर रही थीं। इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई।
तकिये से मुंह दबाकर की गई हत्या
पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल को दत्तक बेटी ने अपने प्रेमी अरबाज खान, उसके दोस्त समीर खान और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि सभी ने मिलकर नाहिद परवीन का तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए घर की सफाई कर दी। इसके बाद बाथरूम में गिरकर मौत होने की कहानी गढ़ी गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें गया निवासी अरबाज खान और समीर खान शामिल हैं, जबकि दत्तक नाबालिग पुत्री को हिरासत में लिया गया है। दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
घटनास्थल से खून से सना बेडशीट और तकिये का कवर भी बरामद किया गया है। पूरे मामले की जांच डोरंडा थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

