रांची: सावन माह के पहले दिन राजधानी रांची के पहाड़ी मंदिर, सुरेश्वर महादेव मंदिर सहित शहर के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सावन की शुरुआत के साथ ही पूरी राजधानी शिवभक्ति में सराबोर नजर आई। सुबह तड़के से ही ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के बीच भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पहाड़ी मंदिर समिति और जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर में चढ़ने और उतरने के लिए अलग-अलग सीढ़ियों की व्यवस्था की गई है। वहीं महिलाओं और पुरुषों के लिए प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जिससे भीड़ प्रबंधन सुचारु रूप से हो सके।
अरघा सिस्टम से आसान हुआ जलाभिषेक
श्रद्धालुओं के सुगम जलाभिषेक के लिए मंदिर में अरघा सिस्टम लागू किया गया है। इसके माध्यम से भक्त व्यवस्थित तरीके से भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं को दूध, जल और बेलपत्र नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मंदिर परिसर में 60 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे। नगर निगम द्वारा मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाए जाने से इस बार श्रद्धालुओं की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुगम रही।
पहली सोमवारी को उमड़ेगी और अधिक भीड़
प्रशासन अब 3 अगस्त को पड़ने वाली सावन की पहली सोमवारी की तैयारियों में जुटा है। इस दिन लाखों श्रद्धालुओं के पहाड़ी मंदिर पहुंचने की संभावना है। दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं और मंदिर के पुजारियों ने प्रशासन द्वारा की गई नई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उन्हें सुविधाजनक बताया।

