पलामू: झारखंड के पलामू जिले के पांडू क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार ने नावाबाजार प्रखंड से पांडू प्रखंड के कजरू कला तक सड़क निर्माण के लिए 103 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह इलाका पहले नक्सल गतिविधियों के लिए जाना जाता रहा है, जहां अब विकास की नई राह खुलेगी।
सांसद की पहल से मिली मंजूरी
पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर इस सड़क की आवश्यकता और महत्ता को रखा था। इसके बाद सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत इस परियोजना को मंजूरी दी।
23.6 किलोमीटर सड़क का होगा निर्माण
इस योजना के तहत नावाबाजार के बरहमोरिया मोड़ से पांडू प्रखंड के कजरू कला रोड होते हुए दुर्गा माइंस रोड तक करीब 23.615 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण और निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत 103.608 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।
लंबे समय से थी स्थानीय लोगों की मांग
क्षेत्र की यह सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी, जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोग लगातार इसके निर्माण की मांग कर रहे थे।
दूरी घटेगी, विकास को मिलेगी गति
सड़क बनने के बाद कजरू कलां क्षेत्र तक पहुंचने के लिए वर्तमान में लगने वाली 60 से 65 किलोमीटर की दूरी घटकर लगभग 40 से 45 किलोमीटर रह जाएगी। इससे समय की बचत होगी और आवागमन सुगम बनेगा।
रेड कॉरिडोर में विकास की नई पहल
यह परियोजना नक्सल प्रभावित रेड कॉरिडोर क्षेत्र में विकास को गति देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। सड़क बनने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
सड़क की मंजूरी मिलने पर सांसद ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार जताया है।

