रांची: राजधानी रांची में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। खादगढ़ा–कांटाटोली इलाके से घर छोड़कर निकले तीन बच्चों को रांची रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे शहर से बाहर जाने की तैयारी में थे।
घर से नाराज होकर निकले थे बच्चे
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि एक बच्चे को उसके माता-पिता ने बुरी आदतों को लेकर डांटा और पीटा था। इसी बात से नाराज होकर वह अपने दो साथियों के साथ घर से निकल गया। तीनों बच्चों ने बिना किसी को बताए घर छोड़ दिया था।
सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस
मामले की जानकारी मिलते ही रांची पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन पर सर्च अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने तीनों बच्चों को ढूंढकर सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।
परिजनों को दी गई सूचना, काउंसलिंग जारी
पुलिस ने बच्चों के बरामद होने की सूचना उनके परिजनों को दे दी है। साथ ही बच्चों की काउंसलिंग कराई जा रही है, ताकि वे भविष्य में इस तरह का कदम न उठाएं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय पर कार्रवाई के कारण संभावित खतरे को टाल दिया गया और बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।

