रांची: राजधानी रांची के प्रमुख पुराने व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल न्यू मार्केट के पुनर्विकास और आधुनिकीकरण की तैयारी तेज हो गई है। रांची नगर निगम ने बाजार के मौजूदा स्वरूप को बदलकर आधुनिक और बेहतर सुविधाओं से लैस व्यावसायिक परिसर विकसित करने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में न्यू मार्केट के दुकानदारों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में बाजार की वर्तमान स्थिति, दुकानों के पुराने आवंटन, संबंधित दस्तावेज और प्रस्तावित पुनर्विकास योजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नगर निगम के अनुसार न्यू मार्केट में फिलहाल करीब 262 दुकानें संचालित हैं।
पुराने बाजार की जगह विकसित होगा आधुनिक व्यावसायिक परिसर
नगर निगम की प्रस्तावित योजना का उद्देश्य न्यू मार्केट की पुरानी और जर्जर संरचना को आधुनिक स्वरूप देना है। इसके तहत व्यवस्थित दुकानें, बेहतर पार्किंग व्यवस्था, सुगम आवागमन और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
इसके अलावा यहां आधुनिक कार्यालय परिसर विकसित करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। इससे दुकानदारों को बेहतर कारोबारी माहौल मिलने के साथ बाजार में आने वाले लोगों को भी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
दुकानदारों से मांगे गए पुराने दस्तावेज
बैठक के दौरान नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों से पूर्व में किए गए दुकान आवंटन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। इसमें मूल लीज या पट्टे से जुड़े कागजात और अन्य संबंधित अभिलेख शामिल हैं।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि पुनर्विकास का मतलब केवल पुराने ढांचे को हटाना नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र का योजनाबद्ध विकास करना है। पुनर्विकास के बाद दुकानों के नए आवंटन की प्रक्रिया और उसकी शर्तें नियमानुसार तय की जाएंगी।
दुकानों की संख्या, आकार, श्रेणी, दर और आवेदन की शर्तों समेत अन्य पहलुओं पर आगे निर्णय लिया जाएगा। पुराने आवंटन से जुड़े वैध दस्तावेज रखने वाले दुकानदारों के हितों को भी प्रक्रिया में ध्यान में रखने की बात कही गई है।
सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण पर भी जोर
नगर निगम ने शहर में सार्वजनिक शौचालयों और शहरी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर भी समीक्षा की। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत राज्य सरकार और नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से रांची नगर निगम को विभिन्न सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण के लिए 43.25 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
बैठक में सार्वजनिक शौचालयों के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन, नागरिक सुविधाओं की जरूरत, निविदा प्रक्रिया और योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लंबित योजनाओं में अनावश्यक देरी न हो और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा किया जाए।
47 स्थानों पर अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर
रांची नगर निगम क्षेत्र में 47 स्थानों पर अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का संचालन किया जाना है। बैठक में इन केंद्रों से जुड़ी तैयारियों और शहरी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर भी चर्चा की गई।
नगर आयुक्त ने नागरिकों से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जमीन पर उतारने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।
नगर निगम तैयार करेगा लैंड बैंक
बैठक में नगर निगम स्तर पर लैंड बैंक तैयार करने का भी निर्णय लिया गया। इसके तहत सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं से प्राप्त भूमि, उपलब्ध जमीन तथा भविष्य की विकास योजनाओं के लिए जरूरी भूमि का रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखा जाएगा।
मोहल्ला और वार्ड स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए एरिया लेवल फेडरेशन और सामुदायिक संगठनों को भी योजनाओं से जोड़ने का निर्णय लिया गया है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को नागरिक हित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।

