रांची: रांची-लोहरदगा-डालटनगंज के बीच प्रस्तावित शटल ट्रेन सेवा का इंतजार कर रहे यात्रियों को फिलहाल और इंतजार करना होगा। दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय ने पूर्व-मध्य रेलवे के अनुरोध पर रांची रेल मंडल के इस प्रस्ताव को फिलहाल स्थगित कर दिया है। रेलवे के अनुसार टोरी-बरवाडीह रेलखंड पर तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य के चलते शटल ट्रेन सेवा अभी शुरू नहीं की जा सकती।
छह से आठ माह बाद शुरू हो सकती है सेवा
रेलवे मुख्यालय ने रांची रेल मंडल को बताया है कि टोरी से बरवाडीह के बीच पूर्व-मध्य रेलवे की ओर से तीसरी रेल लाइन बिछाने का कार्य जारी है। इस परियोजना को पूरा होने में लगभग छह से आठ माह का समय लगेगा। इसके बाद ही शटल ट्रेन सेवा शुरू करने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
फरवरी 2026 में भेजा गया था प्रस्ताव
रांची रेल मंडल ने फरवरी 2026 में इस रूट पर प्रतिदिन दो फेरे वाली शटल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय को भेजा था। प्रस्ताव के अनुसार इस ट्रेन के शुरू होने से रांची और डालटनगंज के बीच प्रतिदिन लगभग चार हजार यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस सेवा से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, इलाज के लिए रांची आने वाले मरीजों और व्यापारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही लोहरदगा, लातेहार, टोरी और बरवाडीह क्षेत्र के लोगों का सफर अधिक सुगम और किफायती हो सकेगा।
तीसरी रेल लाइन परियोजना कोयला परिवहन के लिए महत्वपूर्ण
रेलवे अधिकारियों के अनुसार टोरी-बरवाडीह रेलखंड पर तीसरी लाइन का निर्माण सोननगर-पतरातू तीसरी रेल लाइन परियोजना का अहम हिस्सा है। यह मार्ग देश के प्रमुख कोयला परिवहन कॉरिडोरों में शामिल है, जहां भारी संख्या में मालगाड़ियों का संचालन होता है।
करीब 291 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के पूरा होने से कोयला परिवहन में तेजी आएगी, मालगाड़ियों का दबाव कम होगा और यात्री ट्रेनों की समयबद्धता में भी सुधार होगा। परियोजना के तहत आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली और भारी कंक्रीट स्लीपर लगाए जा रहे हैं, जिससे ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और तेज गति से हो सकेगा।
डीआरएम बोले- यात्रियों को निराश होने की जरूरत नहीं
रांची रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक करुणानिधि सिंह ने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि तीसरी रेल लाइन का निर्माण पूरा होते ही शटल ट्रेन सेवा शुरू कराने के लिए मुख्यालय को दोबारा प्रस्ताव भेजा जाएगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य पूरा होने के तुरंत बाद रांची-लोहरदगा-डालटनगंज शटल ट्रेन सेवा शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।

